शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह का मीडिया संवाद, बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह का मीडिया संवाद, बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 जून 2026। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सेवा, सुशासन और समर्पण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को नोएडा सेक्टर-27 स्थित क्लब हाउस में "मीडिया संवाद" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मंत्र "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" आज एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताया, वर्ष 2019 में उस विश्वास को और मजबूत किया तथा 2024 में लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनकर यह स्पष्ट कर दिया कि देश विकास और कार्यों की राजनीति पर भरोसा करता है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर करना किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मीडिया संवाद के दौरान उन्होंने गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि कोरोना काल से लेकर अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया है।

उन्होंने बताया कि तकनीक आधारित शासन व्यवस्था और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली लागू होने से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगी है।

किसानों के हितों का जिक्र करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत सस्ती दरों पर ऋण दिए जा रहे हैं तथा कृषि क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भी सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल, मेट्रो, हवाई अड्डों, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, रेलवे के विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों के संचालन तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़कों के निर्माण ने विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि अब देश में परियोजनाओं का केवल शिलान्यास ही नहीं, बल्कि तय समय में उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता और विभिन्न देशों के साथ बढ़ते आर्थिक संबंध इस बदलती तस्वीर को दर्शाते हैं। वैक्सीन मैत्री अभियान के माध्यम से भारत ने दुनिया के अनेक देशों की सहायता कर अपनी विश्वसनीयता भी स्थापित की है।

सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की ऐतिहासिक और प्रेरणादायक विरासत को नई पहचान देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, नया संसद भवन और अन्य राष्ट्रीय परियोजनाएं नए भारत की सोच को प्रतिबिंबित करती हैं।

इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनोद त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।।