शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो विदेशी नागरिकों के कब्जे से 39.27 ग्राम एमडीएमए बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में ड्रग्स तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो विदेशी नागरिकों के कब्जे से 39.27 ग्राम एमडीएमए बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इकोटेक-1 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए (मेथाम्फेटामाइन) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना इकोटेक-1 पुलिस टीम ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दो नाइजीरियाई मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान एंथोनी चिनवुबा उर्फ डेविड और एमोस मूसा उर्फ लकी के रूप में हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त एंथोनी चिनवुबा (34 वर्ष) मूल रूप से अबूजा, नाइजीरिया का निवासी है और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी एमोस मूसा (30 वर्ष) भी अबूजा, नाइजीरिया का निवासी है तथा वर्तमान में नॉलेज पार्क-3, ग्रेटर नोएडा में निवास कर रहा था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 39.27 ग्राम एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन बरामद की। इसके अलावा एक स्कूटी (पंजीकरण संख्या DL10SW1176), जिसका उपयोग कथित रूप से मादक पदार्थों की आपूर्ति में किया जा रहा था, तथा नशीले पदार्थों की तौल के लिए प्रयुक्त एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया।

इस संबंध में थाना इकोटेक-1 पर मु0अ0सं0 64/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27ए/37 तथा आप्रवास एवं विदेशी विषयक अधिनियम की धारा 21 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, संपर्कों और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।