शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ज़ेवर टोल मैनेजर की टिप्पणी पर भड़की भाकियू लोकशक्ति, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ज़ेवर टोल मैनेजर की टिप्पणी पर भड़की भाकियू लोकशक्ति, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। ज़ेवर टोल प्लाजा के मैनेजर द्वारा किसान संगठनों और उनके कार्यकर्ताओं के संबंध में कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को एसीपी-3 कार्यालय, सेक्टर-49 पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और संबंधित टोल मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी राकेश कुमार सिंह और थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक सुनील शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ज़ेवर टोल प्लाजा के मैनेजर ने किसान यूनियनों और सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को “असामाजिक तत्व” बताकर न केवल उनका अपमान किया है, बल्कि समाज सेवा और किसानों के हितों के लिए कार्य करने वाले लोगों की छवि को भी धूमिल करने का प्रयास किया है।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि किसान संगठन लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत किसानों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में किसी जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी से हजारों किसान कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं और पूरे किसान समाज में गहरा रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि किसान यूनियन के पदाधिकारी बिना किसी वेतन या सरकारी सुविधा के किसानों की आवाज बुलंद करने का कार्य करते हैं। किसान हितों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों को असामाजिक तत्व कहना न केवल किसान आंदोलन का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है।

भाकियू लोकशक्ति के नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित टोल मैनेजर के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसान संगठन आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की होगी।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर किसान सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर भाकियू लोकशक्ति के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर, महानगर अध्यक्ष महेश तंवर, युवा अध्यक्ष राजकुमार मोनू, अजब सिंह भाटी, हरेन्द्र बैसोया, हरि अवाना, विजयपाल भाटी, कालू तंवर, अरुण गौतम, मनोज शर्मा, सुनील अंबावता, सुधीर ठाकुर, दीपक कुमार, नरेश शर्मा, अनुज नागर, धनंजय, अरुण सहित बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।