शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर:थाना दादरी के वार्षिक निरीक्षण में डीसीपी ने कसी कार्यप्रणाली पर लगाम, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जनसुनवाई पर दिया जोर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:थाना दादरी के वार्षिक निरीक्षण में डीसीपी ने कसी कार्यप्रणाली पर लगाम, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जनसुनवाई पर दिया जोर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना दादरी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार के साथ थाना दादरी का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, हवालात, पुलिस मेस, बैरक तथा महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए थाना प्रभारी और हेड मोहर्रिर को मालखाने में लंबित पड़े माल के शीघ्र निस्तारण, थाना परिसर एवं बैरकों की नियमित साफ-सफाई तथा आगंतुकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया तेज करने को कहा।

डीसीपी ने साइबर हेल्प डेस्क और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता करने, प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का रजिस्टर में विधिवत अंकन करने तथा शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड का सही एवं अद्यतन रखरखाव करने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों में सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए कहा।

उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उनके साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए ईमानदारी, अनुशासन और जवाबदेही के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिसिंग की गुणवत्ता, जनसुनवाई व्यवस्था, साइबर अपराधों के निस्तारण, महिला सुरक्षा और थाना प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस वार्षिक निरीक्षण के माध्यम से थाना दादरी की व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया तथा पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।।