गौतमबुद्धनगर: परी चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था का औचक निरीक्षण, डीसीपी ग्रेटर नोएडा और डीसीपी ट्रैफिक ने दिए सख्त निर्देश!!
ग्रेटर नोएडा। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण यातायात केंद्रों में शामिल परी चौक पर शुक्रवार को यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह एवं प्रभारी डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने यातायात पुलिसकर्मियों के साथ परी चौक क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परी चौक चौराहे, सर्विस रोड, मुख्य मार्गों तथा यातायात प्रभावित क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यातायात संचालन की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न न होने दी जाए तथा यदि कहीं यातायात बाधित होता है तो तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर उसे सामान्य कराया जाए।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने कहा कि परी चौक शहर का प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और ऐसे स्थानों को चिन्हित कर नियमित निगरानी रखी जाए, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है।
प्रभारी डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने यातायात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार लगातार किए जाएंगे।
इस अवसर पर वाहन चालकों और आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े न करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से वाहन चलाकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि जनता के सहयोग और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से ग्रेटर नोएडा में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।।
