शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर में विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को दिए जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर में विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को दिए जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जनपद में विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था, राजस्व एवं मुख्यमंत्री विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निवास, आय और जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हैं, इसलिए लोगों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना, गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण, एम्बुलेंस सेवाओं और स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों के लिए उर्वरकों और गुणवत्तापूर्ण बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों के माध्यम से टेल तक पानी पहुंचाने और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में सड़क निर्माण, मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क विकास और निवेश को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उद्योग विभाग की समीक्षा में निवेश संबंधी एमओयू को धरातल पर उतारने, निवेश परियोजनाओं में तेजी लाने और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। मंत्री ने बैंकर्स समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूल चलो अभियान, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश प्रक्रिया, पीएम कंपोजिट विद्यालय और प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

पशुपालन विभाग को गौशालाओं के बेहतर संचालन, निराश्रित गोवंश संरक्षण और डॉग शेल्टर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए कहा गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जिला पूर्ति विभाग, पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, महिला सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन और विकास के लिए सुरक्षित वातावरण अत्यंत आवश्यक है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा जनपद में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक गति दी जाएगी।

बैठक में सांसद महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता पंडित, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।।