शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ई.एल.एम.डी. ऐप प्रशिक्षण से आँगनबाड़ी सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, डिजिटल निगरानी और पारदर्शिता होगी मजबूत!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: ई.एल.एम.डी. ऐप प्रशिक्षण से आँगनबाड़ी सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, डिजिटल निगरानी और पारदर्शिता होगी मजबूत!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 19 जून 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आँगनबाड़ी सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बाल विकास परियोजना कार्यालय दनकौर में आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं पर्यवेक्षकों के लिए ई.एल.एम.डी. (E.LMD) मोबाइल एप्लिकेशन का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकत्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभागीय कार्यों के संचालन, निगरानी और डेटा प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बदलते डिजिटल दौर में तकनीक का प्रभावी उपयोग योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की कुंजी है। ई.एल.एम.डी. मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, रिपोर्टिंग प्रणाली अधिक सशक्त होगी और लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाया जा सकेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना क्षेत्र की सभी आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं पर्यवेक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उन्हें एप्लिकेशन के संचालन, तकनीकी प्रक्रियाओं, ऑनलाइन डेटा फीडिंग तथा विभागीय कार्यों के डिजिटल निष्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से एप्लिकेशन के उपयोग की बारीकियों को भी समझाया गया।

प्रशिक्षण सत्र में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इसके अलावा पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों, लाभार्थियों के आंकड़ों को अपडेट करने और पोषण संबंधी मानकों के अनुपालन की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी, कार्यों की निगरानी अधिक सटीक होगी और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों की कार्यकुशलता को बढ़ाना तथा जमीनी स्तर पर संचालित योजनाओं की निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी दनकौर संध्या सोनी, रेडीनेस मेला से राम गोविंद सिंह, मुख्य सेविकाएं एवं क्षेत्र की समस्त आँगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदारीपूर्वक पूरा करने की शपथ दिलाई गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल आँगनबाड़ी सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।।