गुरुवार, 4 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सब जूनियर खेल प्रतियोगिता का आगाज: कबड्डी में नई बस्ती और एस.वी.एफ. ने लहराया जीत का परचम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सब जूनियर खेल प्रतियोगिता का आगाज: कबड्डी में नई बस्ती और एस.वी.एफ. ने लहराया जीत का परचम, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित जनपद स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका खेल प्रतियोगिता का गुरुवार को मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में नई बस्ती और एस.वी.एफ. की टीमों ने चैंपियन बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 4 जून से 6 जून तक चलेगी, जिसमें बास्केटबॉल, कबड्डी, जूडो, नेटबॉल और कुश्ती जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों, खेल अकादमियों और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस बास्केटबॉल और कबड्डी मुकाबलों का आयोजन किया गया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रामाज्ञा स्कूल नोएडा, ड्रिबलिंग ड्रिल्स बास्केटबॉल अकादमी, जीसस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल, मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, नोएडा बास्केटबॉल क्लब, बास्केटबॉल हीरोज, चैंप्स अकादमी एवं दादरी बास्केटबॉल क्लब की बालक एवं बालिका टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों का जोश और जज्बा देखने को मिला। बालक वर्ग में चिटहेरा, चचूला, देवला, जे.डी. अकादमी, सद्भावना अकादमी, एच.आर. अकादमी, एस.वी.एफ., मिहिर भोज इंटर कॉलेज, मलकपुर ए, मलकपुर बी, नई बस्ती और जी.आई.सी. की टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। जबकि बालिका वर्ग में जे.डी. अकादमी, एस.आर.बी. स्कूल, एच.सी.एल., जी.आई.सी. नोएडा, एस.वी.एफ. और नई बस्ती की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया।

बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में नई बस्ती की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जे.डी. अकादमी को 17-10 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में एस.वी.एफ. और मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें एस.वी.एफ. की टीम विजेता बनकर उभरी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली, मास्टर बालचंद नागर एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन में अनुशासन, समर्पण और सफलता का आधार बताया।

इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक सुमित नागर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में जूडो, नेटबॉल और कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले की उभरती खेल प्रतिभाएं अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।।