गुरुवार, 4 जून 2026

गौतमबुद्धनगर में अग्नि सुरक्षा पर बड़ा अभियान: 23 होटलों का निरीक्षण, 787 लोगों को दिया गया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में अग्नि सुरक्षा पर बड़ा अभियान: 23 होटलों का निरीक्षण, 787 लोगों को दिया गया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर और अग्निशमन विभाग ने जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कमिश्नरेट क्षेत्र के 23 होटलों का गहन निरीक्षण किया गया और होटल कर्मचारियों सहित सैकड़ों लोगों को अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य होटलों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास मार्गों और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।

अभियान के दौरान होटल प्रबंधन, कर्मचारियों और आम नागरिकों को आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का सजीव प्रदर्शन कर लोगों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 787 लोगों ने भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण हमेशा कार्यशील अवस्था में रखे जाएं और निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आपातकालीन निकास द्वारों को हर समय अवरोध मुक्त रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों को नियमित रूप से प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस और अग्निशमन विभाग समय-समय पर निरीक्षण, जागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

यह अभियान न केवल होटल उद्योग में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि आम नागरिकों में भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी प्रयास साबित हो रहा है।।