गौतमबुद्धनगर: नोएडा में 2.4 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का खुलासा, ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का भंडाफोड़; 4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-113 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से तीन लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, पांच एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, तीन वाई-फाई राउटर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-79 क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो एक संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन बेटिंग के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आकर्षक विज्ञापन प्रसारित कर लोगों को पैसे दोगुने करने और अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके बाद उन्हें ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट vlbook247.co और उससे जुड़े मोबाइल एप पर जोड़कर निवेश कराने के नाम पर रकम ठग ली जाती थी।
पुलिस द्वारा बरामद लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच में कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच के दौरान “लक्ष्मी ट्रेडर्स” नामक बैंक खाते के माध्यम से करीब 2.4 करोड़ रुपये के संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन का पता चला है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ साइबर ठगी किए जाने के भी प्रमाण मिले हैं। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन और गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साई कुमार, पंडाला सतीश, पांडुरंगा और उदयकुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों के निवासी हैं और वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-79 क्षेत्र में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर बड़े स्तर पर ऑनलाइन ठगी के कारोबार को संचालित कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल डाटा की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इनके संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
थाना सेक्टर-113 में आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 206/2026 के तहत धारा 111, 318(4) बीएनएस तथा 66-डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से साइबर ठगी और ऑनलाइन बेटिंग के अवैध नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच गौतमबुद्धनगर पुलिस की यह कार्रवाई आम जनता को ऑनलाइन ठगी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।।
