गौतमबुद्धनगर: वेदपुरा हत्याकांड में बड़ा खुलासा: फरार मुख्य आरोपी मनीष गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और बाइक बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने वेदपुरा गांव में हुए चर्चित दीपक नागर हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 की रात ग्राम वेदपुरा में दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में मृतक पक्ष की तहरीर पर थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा संख्या 193/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी मनीष पुत्र राजवीर, निवासी ग्राम वेदपुरा, घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से शुक्रवार को सेक्टर-10 सर्विस रोड क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूपी-16 सीएन 7768) बरामद की। बरामद हथियार और वाहन को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के इस सनसनीखेज मामले में आरोपी की गिरफ्तारी जांच के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वेदपुरा हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।।
