शुक्रवार, 5 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारागार बना हरियाली का केंद्र, रुद्राक्ष, आम, जामुन और नीम के पौधों से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारागार बना हरियाली का केंद्र, रुद्राक्ष, आम, जामुन और नीम के पौधों से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश!!

!! वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 05 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर जिला कारागार परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त निर्देशों के क्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर शिवानी रावत ने जिला कारागार पहुंचकर वृक्षारोपण किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर जिला कारागार अधीक्षक बृजेश, जेलर राजेश कुमार मौर्य, उप जेलर सुरजीत सिंह, लीगल एड डिफेंस काउंसिल में कार्यरत अधिवक्ता जितेंद्र कुमार एवं विपुल कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय के राहुल गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कारागार परिसर में कटहल, रुद्राक्ष, आम, जामुन, नीम सहित अनेक प्रजातियों के पौधे रोपे गए। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से न केवल परिसर को हरित बनाने का प्रयास किया गया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया गया।

उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भविष्य में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।।