शुक्रवार, 5 जून 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर पुलिस का हरित संकल्प, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया वृक्षारोपण!!

शेयर करें:


विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर पुलिस का हरित संकल्प, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किया वृक्षारोपण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत हजारों पौधे रोपे गए, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। "एक पेड़ मां के नाम" थीम के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में स्वयं पौधारोपण कर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कमिश्नरेट के सभी थाना परिसरों और पुलिस इकाइयों में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सहित विभिन्न पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वृक्षारोपण अभियान के दौरान कदम्ब, अमलतास, कचनार, कंजी, अशोक, सहजन, मौलश्री, जामुन और गुलमोहर समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कमिश्नरेट क्षेत्र में हजारों पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य के लिए निरंतर चलने वाला अभियान है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। गौतमबुद्धनगर पुलिस का यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का यह हरित अभियान सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरणीय चेतना और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।।