विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर ने रचा हरित इतिहास, एक दिन में 1.21 लाख पौधे रोपित!!
सूरजपुर वेटलैंड से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने किया शुभारंभ
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 05 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गौतमबुद्धनगर जिले ने हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में 1 लाख 21 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रदेश सरकार के पांच करोड़ पौधरोपण अभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
जनपद का मुख्य कार्यक्रम सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित हुआ, जहां गौतमबुद्धनगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने मौलश्री का पौधा लगाकर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
प्रभारी मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे संरक्षित भी करें। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आग्रह किया।
इस दौरान दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, सीआरपीएफ के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने किसानों से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर अपने खेतों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील करते हुए कहा कि हरित भविष्य के निर्माण में किसानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने वृक्ष भंडारे का शुभारंभ किया तथा तुलसी, नींबू, अमरूद सहित विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का वितरण किया। अंत में प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर गौतमबुद्धनगर का यह अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हुआ, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जन-जन से जोड़ने का एक सशक्त संदेश भी दे गया।
