शुक्रवार, 5 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: चोरी के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में 4 गिरफ्तार; 51 लाख के जेवर बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: चोरी के अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में 4 गिरफ्तार; 51 लाख के जेवर बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सूरजपुर पुलिस ने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 11.27 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना सूरजपुर पुलिस मोजर बीयर गोलचक्कर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जिनकी पहचान वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज के रूप में हुई। वहीं, उनके साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह का सदस्य भोले रैपिडो चालक के रूप में विभिन्न सोसायटियों में आता-जाता था और लंबे समय से बंद पड़े घरों की जानकारी जुटाकर अपने साथियों तक पहुंचाता था। इसके बाद गिरोह सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस पूछताछ में पैरामाउंट सोसायटी, ग्राम जैतपुर और सेक्टर-144 नोएडा में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। बरामद सामान में 200 ग्राम सोने के बिस्किट, करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण, 450 ग्राम चांदी के जेवर और लाखों रुपये की नकदी शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 51 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद, सम्भल, हापुड़, रामपुर और गौतमबुद्धनगर समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में सक्रिय था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से बंद मकानों में चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है और बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद कर पीड़ितों को राहत दिलाई गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सबसे बड़ी चोरी खुलासों में से एक माना जा रहा है, जिसमें लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी बरामद कर एक सक्रिय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है।।