शुक्रवार, 5 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: आईवी काउंटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, समय रहते परिवार को निकाला गया सुरक्षित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: आईवी काउंटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, समय रहते परिवार को निकाला गया सुरक्षित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख सोसाइटी के निवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी के एक फ्लैट में एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय फ्लैट में एक परिवार मौजूद था, जो धुएं और आग के कारण अंदर ही फंस गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए फ्लैट में फंसे पति-पत्नी और उनके बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

आग पर काबू पाने के लिए फायर विभाग की छह गाड़ियों को लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया था, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियातन अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और रेस्क्यू पर रखी गई, जिसके चलते समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस घटना ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा उपायों और विद्युत उपकरणों के नियमित रखरखाव की आवश्यकता को रेखांकित किया है। समय पर पहुंची फायर सर्विस और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।।