शुक्रवार, 5 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फिर भड़की आग: शताब्दी विहार की पीजी बिल्डिंग में मचा हड़कंप, फास्ट फूड दुकान से उठीं लपटें!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: नोएडा में फिर भड़की आग: शताब्दी विहार की पीजी बिल्डिंग में मचा हड़कंप, फास्ट फूड दुकान से उठीं लपटें!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। शहर में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शुक्रवार को सेक्टर-52 स्थित शताब्दी विहार की एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-52 के ई-3 शताब्दी विहार स्थित बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर फास्ट फूड की दुकान संचालित होती है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीजी (पेयिंग गेस्ट) चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान में रखे फ्रिज के कंप्रेसर में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में दुकान से घना धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

आग लगने के बाद सबसे पहले बिल्डिंग में रह रहे पीजी के छात्रों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

अग्निशमन विभाग ने तत्काल दो दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया। आग की गंभीरता को देखते हुए आधुनिक अग्निशमन उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-52 में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमों को तत्काल रवाना किया गया। उस समय विभाग की टीमें सेक्टर-75 में लगी आग पर भी काबू पाने में जुटी थीं, जहां आग पूरी तरह बुझाए जाने के बाद अतिरिक्त संसाधन सेक्टर-52 भेजे गए।

सीएफओ ने बताया कि हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, आर्टिकुलेटिंग मॉर्टर टावर, बीए सेट (ब्रीदिंग अपरेटस), थर्मल इमेजिंग कैमरा समेत अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से दमकल कर्मियों ने इमारत के भीतर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने का अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि दुकान के अंदर रखा सामान आग की चपेट में आने से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने नोएडा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से विद्युत उपकरणों और अग्नि सुरक्षा उपायों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।