रविवार, 14 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पहुंचे राकेश टिकैत, किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों से वार्ता का दिया भरोसा; हरिद्वार चिंतन शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का किया आह्वान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पहुंचे राकेश टिकैत, किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों से वार्ता का दिया भरोसा; हरिद्वार चिंतन शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का किया आह्वान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नोएडा आगमन पर जिले के किसानों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के किसानों ने भाकियू के नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में राकेश टिकैत से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न किसान समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

बैठक में किसानों ने विशेष रूप से भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे, प्रभावित किसानों को 10 प्रतिशत आवासीय भूखंड दिए जाने की मांग तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों द्वारा किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की लगातार हो रही उपेक्षा का विषय प्रमुखता से उठाया। किसानों ने कहा कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद राकेश टिकैत ने आश्वासन दिया कि हरिद्वार में आयोजित चिंतन शिविर से लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर किसानों की जायज मांगों के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है और भविष्य में भी किसानों के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इस दौरान 16 से 18 जून तक हरिद्वार में आयोजित होने वाले भारतीय किसान यूनियन के वार्षिक चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में संगठन की आगामी रणनीतियों, राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों तथा किसानों के हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

भाकियू नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चिंतन शिविर के शुभारंभ से लेकर समापन तक तीनों दिन "टिकैत रसोई" के माध्यम से श्रद्धालुओं और शिविर में आने वाले किसानों की सेवा की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविर की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और 15 जून को "टिकैत रथ" आवश्यक खाद्य सामग्री के साथ हरिद्वार के लिए रवाना होगा।

अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन केवल किसानों के संघर्ष का मंच ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और सेवा की परंपरा को भी आगे बढ़ाने वाला संगठन है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से हरिद्वार पहुंचकर शिविर में सहभागिता करने की अपील की।

वहीं, राकेश टिकैत ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की ओर से शुरू की गई चिंतन शिविर की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों लोग हरिद्वार पहुंचते हैं। श्रद्धालु गंगा स्नान और तीर्थ स्थलों के दर्शन करने के साथ-साथ शिविर में शामिल होकर किसान हितों से जुड़े विषयों पर मंथन करते हैं। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल और जिला स्तर की समीक्षा बैठकें भी आयोजित की जाती हैं, जिनमें संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा होती है।

राकेश टिकैत ने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही किसानों की आवाज को बुलंद करती है। उन्होंने सभी किसान साथियों से बड़ी संख्या में हरिद्वार पहुंचकर चिंतन शिविर को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, दिनेश नागर, दीपक नागर, सुभाष भाटी, चरण सिंह भाटी, देशराज प्रधान, कैलाश नागर, सतीश नागर, छतर सिंह नागर, भगवत नागर, किशन अवाना, लीलूराम मास्टर सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।