गौतमबुद्धनगर: बिजली विभाग की लापरवाही से किसान की भैंस की मौत, भाकियू लोकशक्ति के विरोध के बाद एसडीओ ने मानी गलती!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा के गांव बरौला में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक किसान पर भारी पड़ गई। खेत के पास फैले करंट की चपेट में आने से किसान अजयपाल की भैंस की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। संगठन के हस्तक्षेप और विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा, जहां विभाग की ओर से लापरवाही स्वीकार करते हुए पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
भाकियू लोकशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने बताया कि जैसे ही उन्हें किसान अजयपाल की भैंस की करंट लगने से मौत की सूचना मिली, वह तत्काल संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। काफी देर तक चले विरोध और हंगामे के बाद पुलिस इंचार्ज राममहर मलिक की मौजूदगी में बिजली विभाग के एसडीओ समर्थ श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचे एसडीओ समर्थ श्रीवास्तव ने स्वीकार किया कि यह हादसा विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। उन्होंने पीड़ित किसान को विभाग की ओर से नियमानुसार भैंस का उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी आश्वासन दिया।
इस दौरान चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में जगह-जगह जर्जर बिजली लाइनें और लोहे के पुराने पोल हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन विभाग समय रहते सुधार कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने मांग की कि लोहे के पोलों की जगह जल्द से जल्द सीमेंट के खंभे लगाए जाएं, जर्जर बिजली तारों को बदला जाए और पूरे क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा जांच कराई जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित किसान को शीघ्र मुआवजा नहीं मिला और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) किसानों के हित में बिजली विभाग के कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
इस अवसर पर सतपाल प्रधान, ओमप्रकाश गुर्जर, महेश तंवर, हरेन्द्र बैसोया, राजकुमार मोनू, विजयपाल भाटी, सुनील बैसोया, मनोज शर्मा, महेश बैसोया, कमल कसाना, सुनील अंबावता, कालू तंवर, हरदीप भाटी, सत्येंद्र मास्टर, ज़िले दरोगा, ओमवीर नागर, अंकुर कश्यप, ऋषभ, बिंदर नागर, सुरेन्द्र उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।।
