गौतमबुद्धनगर: बिसरख पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना बिसरख पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी से मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या UP81CJ2481) चोरी होने की घटना सामने आई थी। पीड़ित द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद थाना बिसरख में मु.अ.सं. 411/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने 26 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल पुत्र धीरज कुमार तथा गोविन्द पुत्र तिलक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पूछताछ में पुलिस आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों किसी संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी कमल मूल रूप से ग्राम सालारपुर, थाना पालीमुकीमपुर, जनपद अलीगढ़ का निवासी है और वर्तमान में मंडी श्यामनगर, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। वहीं गोविन्द मूल रूप से ग्राम शिखरना, थाना छर्रा, जनपद अलीगढ़ का निवासी है तथा वर्तमान में शाहबेरी, थाना बिसरख क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना बिसरख पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।।
