मंगलवार, 23 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: जनपद में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, खाद्य पदार्थों की होगी सघन सैंपलिंग: डीएम

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनपद में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, खाद्य पदार्थों की होगी सघन सैंपलिंग: डीएम

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 23 जून। जनपदवासियों को शुद्ध खाद्य पदार्थ, सुरक्षित पेय सामग्री और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। एनआईसी सभागार में हुई इस बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर खाद्य एवं पेय पदार्थों की सघन सैंपलिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी नमूने की प्रयोगशाला जांच में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोषियों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ अन्य दंडात्मक प्रावधान भी तत्काल लागू किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित रेस्टोरेंट, होटल, ढाबे, मिठाई की दुकानें, खाद्य प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेजों एवं छात्रावासों की कैंटीनों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

बैठक में फूड फोर्टिफिकेशन, दोबारा उपयोग किए जाने वाले कुकिंग ऑयल के सुरक्षित निस्तारण तथा शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों के उपयोग को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत एडवाइजरी तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी समय पर मिल सके।

इस दौरान औषधि निरीक्षक द्वारा जनपद में दवाइयों की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान ब्लड बैंक, मेडिकल स्टोर, दवा निर्माण इकाइयों तथा कॉस्मेटिक उत्पादों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण औषधियां उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में जिलाधिकारी ने उन प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वसूली की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए, जिन पर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के चलते जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरसी जारी कर वसूली की प्रक्रिया पूरी की जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सक्रियता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा और औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, एडीसीपी सुधीर कुमार, औषधि निरीक्षक जय सिंह, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी टीकम सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद में मिलावट और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की यह सख्ती आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई का संकेत मानी जा रही है।।