शुक्रवार, 26 जून 2026

बुलंदशहर: सिकंदराबाद के किशनपुर में बाइक हटाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में युवक घायल; तीन हिरासत में, जांच तेज!!

शेयर करें:

बुलंदशहर: सिकंदराबाद के किशनपुर में बाइक हटाने के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में युवक घायल; तीन हिरासत में, जांच तेज!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक चौकी अंतर्गत गांव किशनपुर में शुक्रवार को बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, कार में तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के सैथली गांव निवासी कुछ युवक किशनपुर गांव में आए थे। उन्होंने पीड़ित पक्ष के घर के सामने अपनी बाइक खड़ी कर दी। बाइक हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान एक कार में जमकर तोड़फोड़ की गई और फायरिंग भी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की चर्चा रही।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिकंदराबाद पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि 26 जून 2026 को थाना सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम किशनपुर में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आसपास के गांवों के रहने वाले दो पक्षों के बीच गाड़ी निकालने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान फायरिंग की घटना हुई और एक युवक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

एएसपी नगर ने बताया कि घटना के संबंध में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस अब फायरिंग के कारणों, शामिल लोगों की भूमिका और विवाद की वास्तविक परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।