गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर सेंट्रल नोएडा पुलिस का बड़ा अभियान, 182 लोगों के खिलाफ कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सेंट्रल नोएडा जोन पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले 182 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की।
यह अभियान डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इसी उद्देश्य से ऐसे लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह विशेष अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें, कानून का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना भी है।।
