शुक्रवार, 26 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: अधिवक्ताओं की लड़ाई न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई, भाकियू लोकशक्ति ने दिया बार एसोसिएशन के आंदोलन को समर्थन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अधिवक्ताओं की लड़ाई न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई, भाकियू लोकशक्ति ने दिया बार एसोसिएशन के आंदोलन को समर्थन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। नोएडा सेक्टर-33 स्थित बार एसोसिएशन के धरनास्थल पर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे और अधिवक्ताओं, डीडराइटर्स एवं बार एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। संगठन के नेताओं ने सरकार से अधिवक्ताओं की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी आवाज़ को अनसुना किया गया तो व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि बार एसोसिएशन का आंदोलन केवल अधिवक्ताओं के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की गरिमा की रक्षा का संघर्ष है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उनकी जायज़ मांगों की अनदेखी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिवक्ताओं की मांगों का तत्काल समाधान करे, ताकि आंदोलन समाप्त हो सके।

चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) हमेशा किसानों, मजदूरों, अधिवक्ताओं और समाज के हर उस वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी रही है, जो अपने अधिकारों और न्याय के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन भविष्य में भी अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई में हर स्तर पर उनके साथ रहेगा।

संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने कहा कि यदि सरकार ने अधिवक्ताओं की आवाज़ को दबाने या आंदोलन को नजरअंदाज करने का प्रयास किया तो संगठन अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर बड़े आंदोलन की रणनीति बनाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरनास्थल पर भाकियू लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने अधिवक्ताओं के समर्थन में जोरदार नारेबाजी भी की और आंदोलन को मजबूती देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. रोहतास, महेश तंवर, ओमदत्त चौहान, राजकुमार मोनू, हरेन्द्र बैसोया, बबलू यादव, सुधीर ठाकुर, अरुण गौतम, जोगेंद्र चपराना, विजयपाल भाटी, सुनील बैसोया, दीपक प्रजापति, महेश बैसोया, हरि अवाना, मनोज शर्मा, अरविंद गौतम, महरदीन, जय सिंह, शफीक, प्रवीण चौहान, नरेश शर्मा, कुलदीप सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।।