गौतमबुद्धनगर: नोएडा को मिलेगा आधुनिक प्रशासन का नया केंद्र, 27 जून को मुख्यमंत्री योगी करेंगे प्राधिकरण मुख्यालय का लोकार्पण!!
सेक्टर-96 स्थित 390 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक भवन का होगा उद्घाटन, सेक्टर-10 के इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भी करेंगे शुभारंभ; सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी
दो टूक//नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून (शनिवार) को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नवनिर्मित अत्याधुनिक प्रशासनिक मुख्यालय का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह सेक्टर-10 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हैं तथा सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक मुख्यालय शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने वाला साबित होगा। वर्षों से प्रतीक्षित इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्राधिकरण के सभी प्रमुख विभाग एक ही परिसर से संचालित होंगे। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सेक्टर-96 में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के निकट लगभग छह एकड़ क्षेत्र में विकसित यह आधुनिक भवन अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है। परिसर में आधुनिक कार्यालय, पर्याप्त पार्किंग, डिजिटल सुविधाएं, बेहतर आधारभूत ढांचा और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह भवन नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और तेज बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था, लेकिन विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से यह समय पर पूरा नहीं हो सका। कार्य में देरी के चलते पहले कार्यदायी संस्था को ब्लैकलिस्ट किया गया और शेष निर्माण कार्य नई टेंडर प्रक्रिया के तहत कराया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान श्रमिकों के पलायन ने भी निर्माण कार्य की रफ्तार को प्रभावित किया। बाद में वर्ष 2022 में एसटी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को शेष कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई। आईआईटी दिल्ली की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर भवन की रेट्रोफिटिंग कराई गई, जिसके बाद निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
वर्तमान में नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 सहित अलग-अलग स्थानों से संचालित हो रहे हैं। नए मुख्यालय में सभी विभागों के एकीकृत होने से अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिकांश प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे कार्यों के निस्तारण में तेजी आने के साथ-साथ लोगों का समय और परेशानी दोनों कम होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भी शुभारंभ करेंगे। माना जा रहा है कि यह परियोजना नोएडा को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में और अधिक मजबूती प्रदान करेगी तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थलों, हेलीपैड, पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम सहित वरिष्ठ अधिकारी तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री का यह दौरा नोएडा के लिए केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि आधुनिक प्रशासन, बेहतर नागरिक सुविधाओं और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए प्रशासनिक मुख्यालय के शुरू होने से नोएडा की प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जनहितैषी बनने की उम्मीद है।।
