शुक्रवार, 26 जून 2026

लखनऊ :निगोहां ग्राम पंचायत की सुरक्षा हुयी हाईटेक,24 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगी हर गतिविधि।।||Lucknow:Nigohan Gram Panchayat's security has been upgraded to a high-tech facility, with 24 CCTV cameras monitoring every activity.||

शेयर करें:
लखनऊ :
निगोहां ग्राम पंचायत की सुरक्षा हुयी हाईटेक,24 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगी हर गतिविधि।।
दो टूक : लखनऊ के थाना प्रभारी की पहल व प्रधान अभय कान्त दीक्षित के सहयोग से ग्राम पंचायत में सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत, अपराधियों पर रहेगी पैनी नजर।
विस्तार :
लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र निगोहां इलाके में ग्रामीण क्षेत्रो में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में निगोहां ग्राम पंचायत ने एक मिसाल कायम की है। ग्राम प्रधान अभय कान्त दीक्षित के विशेष प्रयासों से पूरी ग्राम पंचायत को आधुनिक 24 सीसीटीवी कैमरों के सुरक्षा कवच से लैस कर दिया गया है। अब गांव के प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर होने वाली हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी।
गांव की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ते हुए पंचायत भवन में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना, विवाद अथवा आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल प्राप्त हो सकेगी और समय रहते आवश्यक कार्रवाई संभव होगी।ग्राम प्रधान अभय कान्त दीक्षित ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा और गांव में अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से चोरी, छिनैती, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही गांव में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना भी आसान होगा।
पुलिस ने बताया कानून व्यवस्था के लिए बड़ा कदम...
निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक समय में सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए सबसे प्रभावी तकनीकी सहयोगी साबित हो रहे हैं। कैमरों के माध्यम से न केवल अपराधों की रोकथाम होगी बल्कि किसी भी घटना की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी उपलब्ध होंगे।उन्होंने कहा कि कैमरों की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों और अपराधियों में भय का माहौल बनेगा, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की पहल कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।
अन्य ग्राम पंचायतों के लिए बना उदाहरण...
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और सुरक्षा चुनौतियों के बीच निगोहां ग्राम पंचायत की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। जहां शहरों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था आम हो चुकी है, वहीं अब गांव भी तकनीकी रूप से सशक्त होकर सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर रहे हैं।ग्राम प्रधान अभय कान्त दीक्षित और निगोहां पुलिस के संयुक्त प्रयास से शुरू हुई यह व्यवस्था न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक होगी, बल्कि ग्रामीणों को सुरक्षित, भयमुक्त और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी साबित होगी।