गुरुवार, 4 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: बेकाबू एंडेवर बनी मौत का पैगाम: पेड़ के नीचे बैठे दो युवक गंभीर घायल, चालक फरार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: बेकाबू एंडेवर बनी मौत का पैगाम: पेड़ के नीचे बैठे दो युवक गंभीर घायल, चालक फरार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर अल्फा-2 में गुरुवार को तेज रफ्तार का खतरनाक कहर देखने को मिला। एक बेकाबू फोर्ड एंडेवर कार ने सड़क पर चलते वाहनों और सड़क किनारे बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पेड़ के नीचे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक अपने साथियों सहित मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंडेवर कार अत्यधिक गति से सर्विस रोड पर दौड़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित हो गई। बेकाबू एंडेवर ने सबसे पहले एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी। इसके बाद कार सड़क किनारे एक खाली प्लॉट में पेड़ के नीचे कुर्सियों पर बैठे दो युवकों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल युवक दनकौर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे का सिलसिला यहीं नहीं रुका। युवकों को टक्कर मारने के बाद एंडेवर आगे बढ़ी और खाली प्लॉट में खड़ी एक बलेनो कार से भी जा टकराई। लगातार हुई टक्करों के कारण एंडेवर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि एंडेवर में चार से पांच युवक सवार थे और वे कथित रूप से नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। हालांकि पुलिस की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार चालक और उसके साथियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।।