शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: ATM में फेवीक्विक डालकर फंसाते थे कार्ड, फिर खातों से उड़ाते थे रकम; बिसरख पुलिस मुठभेड़ में गैंग का भंडाफोड़!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ATM में फेवीक्विक डालकर फंसाते थे कार्ड, फिर खातों से उड़ाते थे रकम; बिसरख पुलिस मुठभेड़ में गैंग का भंडाफोड़!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बिसरख पुलिस ने एटीएम मशीनों में फेवीक्विक डालकर लोगों के कार्ड फंसाने और उनके खातों से रुपये निकालने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल, एटीएम से कार्ड निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को थाना बिसरख पुलिस एसकेएस तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्रीन आर्च की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो 6 प्रतिशत पार्क के पास उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान सोहेल मलिक (24 वर्ष), निवासी सलारपुर के रूप में हुई है। उसके दो साथी शोएब मलिक (25 वर्ष) और राकेश कुमार (24 वर्ष) को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

फर्जी हेल्पलाइन बनकर करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने एटीएम ठगी के जिस तरीके का खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में एटीएम मशीनों के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक (ELFY) डाल देते थे, जिससे कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद मशीन पर एक पर्ची चिपकाकर अपना मोबाइल नंबर हेल्पलाइन नंबर के रूप में लिख देते थे।

जब कोई ग्राहक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचता और उसका कार्ड मशीन में फंस जाता, तो आरोपी मददगार बनकर सामने आते थे। बातचीत के दौरान वे ग्राहक से एक-दो बार पिन डलवाकर उसका पिन नंबर जान लेते थे। फिर ग्राहक को अपने कथित हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने के लिए कहते थे। ग्राहक के वहां से जाने के बाद आरोपी प्लास और पेचकस की मदद से कार्ड निकाल लेते और उसी कार्ड व पिन का इस्तेमाल कर खाते से रकम उड़ा देते थे।

मुठभेड़ के बाद बरामद हुआ ठगी का सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक प्लास, एक पेचकस, फेवीक्विक के दो पैकेट और 7,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद नकदी थाना बिसरख में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित बताई जा रही है।

पहले भी कई मामलों में जा चुके हैं जेल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के फेस-2, सेक्टर-39, सेक्टर-49 और बिसरख थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों के पूरे नेटवर्क, अन्य साथियों और एनसीआर क्षेत्र में की गई ठगी की वारदातों की जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि गैंग लंबे समय से सक्रिय था और अनेक लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

बिसरख पुलिस की इस कार्रवाई से एटीएम ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे ऐसे अपराधों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।