शनिवार, 6 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा 28 मुकदमों का कुख्यात स्नैचर मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूटी गई चेन और चोरी की बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा 28 मुकदमों का कुख्यात स्नैचर मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूटी गई चेन और चोरी की बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा, 6 जून। थाना बीटा-2 पुलिस और स्नैचिंग गैंग के बदमाशों के बीच शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में 28 मुकदमों वाला एक कुख्यात अपराधी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल, लूटी गई सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना बीटा-2 पुलिस ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।

बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू (26 वर्ष) पुत्र राधेश्याम निवासी खुशियाल टोला, थाना पटेरवा, जिला गोरखपुर तथा वर्तमान निवासी साइट-5, कासना, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर राह चलते लोगों को निशाना बनाता था और अवैध हथियारों के बल पर चेन स्नैचिंग एवं मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी ने 1 जून 2026 को गांव नवादा क्षेत्र में एक व्यक्ति से सोने की चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, थाना कासना क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, लूटी गई सोने की चेन तथा स्नैचिंग के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेन्द्र उर्फ लल्लू कोई साधारण अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और क्षेत्र में लगातार हो रही स्नैचिंग तथा लूट की घटनाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और अपराधों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय स्नैचिंग गैंग को बड़ा झटका लगा है और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।