गौतमबुद्धनगर के मेधावियों का बढ़ा मान, मुख्यमंत्री ने 8 छात्रों को किया सम्मानित, 20 को मिला जनपद स्तरीय पुरस्कार!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 01 जून 2026।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में सोमवार को प्रदेश एवं जनपद स्तर पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर जहां 8 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान मिला, वहीं जनपद स्तर पर 20 छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।
राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, सीआईएससीई एवं संस्कृत शिक्षा परिषद के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें देश और समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।
समारोह के दौरान गौतमबुद्धनगर जनपद के 8 मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा एक-एक लाख रुपये के सांकेतिक चेक, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने पूरे जिले का गौरव बढ़ाया और शिक्षा के क्षेत्र में जनपद की पहचान को और मजबूत किया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को देखा। इस अवसर पर दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सजीव प्रसारण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल परीक्षा-2026 के शीर्ष 10 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के शीर्ष 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 21-21 हजार रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला तथा मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सभी ने तालियों के साथ स्वागत किया।।
