सोमवार, 15 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.25 लाख की अवैध कफ सिरप खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, फार्च्यूनर कार भी जब्त!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.25 लाख की अवैध कफ सिरप खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, फार्च्यूनर कार भी जब्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना सेक्टर-20 पुलिस और यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने अवैध रूप से नशे के लिए इस्तेमाल की जा रही 3600 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप ONEREX 100 ML के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त एक फार्च्यूनर कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस और यातायात पुलिस की टीम नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फिल्म सिटी से रजनीगंधा की ओर आने वाले मार्ग पर एक्सप्रेसवे के लूप से एक फार्च्यूनर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 15 बोरों से कुल 3600 शीशी अवैध कफ सिरप ONEREX 100 ML बरामद की गई।

जांच में सामने आया कि बरामद कफ सिरप की प्रत्येक 5 एमएल मात्रा में 10 एमजी कोडीन फॉस्फेट मौजूद है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार की दवाओं का अत्यधिक सेवन नशे के रूप में किया जाता है, जिसके कारण इनकी अवैध तस्करी की जाती है।

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों पीयूष वर्मा और कपिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में विष्णु कुशवाहा, शानू सिंह तथा कथित विक्रेता हीरा लाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी पीयूष वर्मा (25 वर्ष) मध्य प्रदेश के रीवा जिले का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी कपिल विश्वकर्मा (20 वर्ष) भी रीवा जनपद का निवासी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में लाई गई कफ सिरप की खेप को नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में किस नेटवर्क के माध्यम से खपाया जाना था।

बरामदगी में 15 बोरों में रखी 3600 शीशी अवैध कफ सिरप ONEREX 100 ML तथा तस्करी में प्रयुक्त फार्च्यूनर कार (पंजीकरण संख्या HR70D8898) शामिल है।

इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 221/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। समय रहते इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने से युवाओं तक पहुंचने वाले नशे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना भी जताई जा रही है।।