गौतमबुद्धनगर: गौर सिटी 6th एवेन्यू में पुलिस-जन संवाद, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर एसीपी ने RWA पदाधिकारियों संग की महत्वपूर्ण बैठक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आमजन की सुरक्षा और पुलिस-जन सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी/एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने थाना बिसरख क्षेत्रांतर्गत स्थित गौर सिटी 6th एवेन्यू में आरडब्ल्यूए (RWA) एवं एओए (AOA) पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर संवाद स्थापित किया।
बैठक के दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, सोसायटी सुरक्षा प्रबंधन तथा पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसीपी ने उपस्थित पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है और पुलिस तभी अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकती है, जब आमजन का सहयोग निरंतर प्राप्त होता रहे।
उन्होंने सोसायटी प्रबंधन एवं निवासियों से अपने यहां कार्यरत किरायेदारों, घरेलू सहायकों, ड्राइवरों तथा सुरक्षा कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अराजक तत्वों की आवाजाही या साइबर ठगी से संबंधित घटनाओं की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों से सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर RWA एवं AOA पदाधिकारियों ने भी अपने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। एसीपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि "सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस और जनता की साझेदारी सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। जनसहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।" इस पहल को स्थानीय निवासियों और पदाधिकारियों ने सराहते हुए पुलिस के साथ पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया।।
