मंगलवार, 9 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-73 में जनगणना-2027 का पहला चरण तेज़ी से जारी, भीषण गर्मी में पसीना बहा रहे कर्मचारी; नागरिकों से सहयोग की अपील!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-73 में जनगणना-2027 का पहला चरण तेज़ी से जारी, भीषण गर्मी में पसीना बहा रहे कर्मचारी; नागरिकों से सहयोग की अपील!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। देशव्यापी जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य नोएडा के सेक्टर-73 में तेज़ी से किया जा रहा है। 22 मई से प्रारंभ हुआ यह अभियान 20 जून तक संचालित किया जाएगा। जनगणना से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भीषण गर्मी के बीच घर-घर पहुंचकर आवश्यक सूचनाएं एकत्र करने और मकानों का सूचीकरण करने में जुटे हुए हैं।

सेक्टर-73 स्थित बारात घर में बनाए गए जनगणना केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह से लेकर देर शाम तक टीमों द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक मकान का सर्वेक्षण किया जा रहा है। इस दौरान मकानों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन पर निर्धारित संख्या अंकित करने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि आगामी चरणों में जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश नागरिक जनगणना कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं और मांगी जा रही जानकारियां उपलब्ध करा रहे हैं। हालांकि, गर्मी की छुट्टियों के चलते कई परिवार शहर से बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण कुछ मकान बंद मिले हैं। ऐसे परिवारों से संपर्क स्थापित करने के लिए जनगणना कर्मचारी लगातार प्रयास कर रहे हैं और दोबारा भ्रमण कर सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं।

जनगणना कर्मचारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, परिवहन, पेयजल और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारण करती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त की गई व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के जनगणना कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

सेक्टर-73 में चल रहे इस अभियान में जनगणना कर्मियों का समर्पण और मेहनत साफ दिखाई दे रही है। भीषण गर्मी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारी घर-घर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है।।