गौतमबुद्धनगर: जेवर-रबूपुरा में नशाखोरी पर पुलिस का सख्त प्रहार, सार्वजनिक स्थानों पर शराब-हुक्का पीते 49 लोगों पर कार्रवाई!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेवर और रबूपुरा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब, हुक्का एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते पाए गए कुल 49 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में, डीसीपी एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर नशे के सेवन पर प्रभावी रोक लगाना तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना था।
कार्रवाई के दौरान थाना जेवर पुलिस ने 22 व्यक्तियों तथा थाना रबूपुरा पुलिस ने 27 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 49 लोगों को कानून के दायरे में लिया। पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब, हुक्का या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन सामाजिक व्यवस्था को प्रभावित करता है और इससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को असुविधा होती है। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक भी किया और अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा लोक शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनहित में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक स्थलों को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे समाज में कानून के प्रति जागरूकता और अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा।।
