गोण्डा- मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ क्षेत्र में बीते 36 दिनों में अनेक विजली संविदाकर्मी दुर्घटना का शिकार हुए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। यह लोग बिजली लाइन पर काम कर रहे थे और उनकी मौत हो गई। इसी को लेकर संगठन के दिशा निर्देश पर संपूर्ण उत्तर प्रदेश के प्रत्येक बिजली घर पर सोमवार को विजली कर्मचारियों द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस क्रम में गोंडा जिले के इटियाथोक पावर हाउस पर भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। यहां इटियाथोक सहित आसपास क्षेत्र के पावर हाउस के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे। अपनी जान गवाने वाले सभी संविदा कर्मचारियों को यहां पर सभी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनके आत्मा के शांति के लिए प्रार्थना की। मौके पर रहे उप्र पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के देवीपाटन जोन अध्यक्ष अतुल सिंह ने कहा कि अगर बीते 36 दिनों की बात करें तो मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ क्षेत्र में 37 संविदाकर्मी दुर्घटना का शिकार हुए हैं जिन्होंने अपनी जान गवाई है। उन्होंने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के दबाव में बगैर सुरक्षा उपकरण के काम कराए जाते हैं और दुर्घटनाएं होती हैं जिसमें साथियों की जान जाती है। लगातार दुर्घटनाये हो रही है और सभी जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। इन्होंने लाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए उचित और जरूरत के मुताबिक जरूरी उपकरण दिलाये जाने की मांग की है, ताकि सुरक्षा के दायरे में वह लोग काम कर सकें। श्रद्धांजलि सभा में महेश शुक्ला मंडल अध्यक्ष, देवेंद्र श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष, हरिओम पांडे, ओमप्रकाश उपाध्याय, अब्दुल वहाब, रमेश शुक्ला, आनंद पासवान, अरुण मिश्रा, एसपी शुक्ला, उदयराज, अनिल पांडे, जटाशंकर शुक्ला, हेमंत वर्मा, बीरबल कश्यप, संतोष तिवारी, राम गोविंद, सत्यनारायण, रामकुमार मिश्र, रघुवंश मणि सहित अन्य तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।
