गौतमबुद्धनगर:'उड़ान-2026' में प्रतिभाओं को मिला सम्मान: महर्षि यूनिवर्सिटी ने 350 मेधावी विद्यार्थियों का बढ़ाया हौसला!!
दो टूक// नोएडा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा द्वारा भव्य "उड़ान-2026" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नोएडा एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से आए 350 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी मेहनत, लगन और शैक्षणिक उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे गर्व से खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला कदम बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें सही दिशा प्रदान करना किसी भी शैक्षणिक संस्थान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। "उड़ान-2026" का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि महर्षि यूनिवर्सिटी सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें भी सम्मानित किया गया, क्योंकि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों का मार्गदर्शन और समर्पण अहम भूमिका निभाता है। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य के वास्तविक शिल्पकार होते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने छात्रों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा सकारात्मक सोच के बल पर ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। "उड़ान-2026" न केवल मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का मंच बना, बल्कि यह शिक्षा के माध्यम से सपनों को नई उड़ान देने और युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का एक प्रेरणादायी आयोजन भी साबित हुआ।।
