शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: 15 जून से जेवर एयरपोर्ट संचालन की तैयारी तेज: डीसीपी ने परी चौक से मेट्रो स्टेशनों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 15 जून से जेवर एयरपोर्ट संचालन की तैयारी तेज: डीसीपी ने परी चौक से मेट्रो स्टेशनों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी 15 जून से प्रस्तावित जेवर एयरपोर्ट के संचालन को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और बेहतर जनसुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने परी चौक, नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन और अल्फा-1 क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के संभावित आवागमन मार्गों का बारीकी से अध्ययन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेवर एयरपोर्ट के संचालन के बाद यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान परी चौक क्षेत्र में यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं, यात्रियों के आवागमन मार्ग और प्रमुख चौराहों की स्थिति का गहनता से मूल्यांकन किया गया। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू किया जाए। साथ ही ऐसे सभी संभावित बिंदुओं की पहचान की जाए, जहां ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका हो सकती है।

डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन और अल्फा-1 क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की यातायात बाधा उत्पन्न होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

डीसीपी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास के साथ ही ग्रेटर नोएडा में यातायात और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बढ़ेंगी। ऐसे में पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि आधुनिक और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से आमजन और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्रदान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात अभय कुमार मिश्र, यातायात पुलिस के अधिकारी एवं स्थानीय पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे। सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए एयरपोर्ट संचालन से पहले आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

जेवर एयरपोर्ट के संचालन को प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर की जा रही यह तैयारियां भविष्य में लाखों यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।