शनिवार, 13 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: पति से विवाद के बीच ग्रेटर नोएडा के गर्ल्स हॉस्टल में महिला सुरक्षा गार्ड की मौत, पुलिस जांच में जुटी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पति से विवाद के बीच ग्रेटर नोएडा के गर्ल्स हॉस्टल में महिला सुरक्षा गार्ड की मौत, पुलिस जांच में जुटी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में कार्यरत 19 वर्षीय महिला सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने हॉस्टल की बिल्डिंग से छलांग लगा दी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

मृतका की पहचान पारुल पत्नी सौरभ चौधरी, निवासी ग्राम बाफर, थाना जानी, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वह नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि हॉस्टल की बिल्डिंग से एक महिला ने छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम की मदद से भी घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस कोण से जांच कर रही है, लेकिन अन्य संभावित कारणों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की अंतिम पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों और परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस का आधिकारिक बयान

पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 जून 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्रांतर्गत स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल से सूचना प्राप्त हुई थी कि सिक्योरिटी गार्ड पारुल पत्नी सौरभ चौधरी, निवासी ग्राम बाफर, थाना जानी, मेरठ, उम्र लगभग 19 वर्ष, ने हॉस्टल की बिल्डिंग से छलांग लगा दी है। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।।