गौतमबुद्धनगर: लक्ष्मी सिंह की सख्ती का असर: सेक्टर-126 पुलिस ने 24 घंटे में किया दो बड़ी चोरियों का खुलासा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-126 पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई डीसीपी नोएडा श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण एवं एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश विकल के नेतृत्व वाली पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने चोरी करने वाले दो अभियुक्तों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 09 जून 2026 को एक महिला ने थाना सेक्टर-126 में सूचना दी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-126 पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं, इससे पूर्व 08 मई 2026 को भी थाना क्षेत्र में एक अन्य मकान से दो लैपटॉप, एक अमेजन किंडल और नकदी चोरी होने की घटना दर्ज हुई थी।
दोनों घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश विकल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और गोपनीय सूचना के आधार पर दिनांक 10 जून 2026 को गढ़ी शाहपुर गांव के सामने पुश्ता रोड, सेक्टर-131 नोएडा के पास से शुभम उर्फ काकू, राहुल शर्मा और सचिन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी शुभम उर्फ काकू ने बताया कि वह नशे का आदी है और पूर्व में कई बार जेल जा चुका है। वह दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही लोहे के सरिये से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी किए गए आभूषणों का कुछ हिस्सा उसने अपने जीजा राहुल शर्मा को दिया, जिसने उन्हें बेचने के लिए अपने परिचित सुनार सचिन वर्मा से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि सुनार को माल चोरी का होने की जानकारी थी, बावजूद इसके उसने लालचवश कुछ जेवर गलाकर बेच दिए तथा शेष आभूषण खरीदने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, एक चैन, दो अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी, तीन लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, तीन आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, चोरी में प्रयुक्त कार, ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का सरिया तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी शुभम उर्फ काकू एक शातिर अंतरराज्यीय चोर है, जिसके खिलाफ मेरठ और गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार के प्रभावी पर्यवेक्षण में थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश विकल और उनकी टीम ने सूझबूझ, तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का सफल खुलासा कर पीड़ितों को बड़ी राहत पहुंचाई है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी सेक्टर-126 पुलिस की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए पुलिस टीम को बधाई दी है।
