सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा अभियान, 125 लोगों पर हुई कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत थाना सेक्टर-63 और थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने संयुक्त रूप से सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वाले कुल 125 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 और एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आमजन के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना था।
कार्रवाई के दौरान थाना सेक्टर-63 पुलिस ने 72 व्यक्तियों तथा थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने 53 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के दायरे में लाया। पुलिस टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सड़क किनारों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होता है। ऐसे कृत्यों से आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा कई बार कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होती है।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें और सामाजिक मर्यादा तथा कानून का सम्मान करें। साथ ही नागरिकों से लोक शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध किया गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, हुड़दंग और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुशासित वातावरण बनाए रखा जा सके।।
