शुक्रवार, 5 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फोकस, एसीपी ने किया पैदल गश्त और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का फोकस, एसीपी ने किया पैदल गश्त और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने तथा शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी एवं एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा श्री प्रवीण कुमार ने थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक आरक्षी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। एसीपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसीपी प्रवीण कुमार ने सभी पीसीआर एवं पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा की जा रही लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और सुरक्षा समीक्षा से आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हो रहा है तथा आगामी भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।।