सुल्तानपुर :
नीम की लकड़ी के खूनी संघर्ष में युवक की हत्या,दो आरोपी गिरफ्तार।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के हलियापुर थाना क्षेत्र के उमरा गांव में मामूली लकड़ी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दबंगों द्वारा लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान विजय कुमार अग्रहरी (37) पुत्र स्वर्गीय राम मनोहर निवासी उमरा गांव के रूप में हुई है। मामले में मृतक के भाई अयोध्या प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना हलियापुर इलाके के उमरा गांव में मामूली नीम की लकड़ी को लेकर दो पक्षो मे हुई खूनी संघर्ष मे गम्भीर रुप से घायल एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
तहरीर के अनुसार, 29 अप्रैल को आई तेज आंधी में पड़ोसी शिवकुमार तिवारी का नीम का पेड़ टूटकर उनके घर पर गिर गया था। बाद में पेड़ को एक ठेकेदार के हाथ बेच दिया गया। आरोप है कि छह मई को ठेकेदार द्वारा दी गई लकड़ी की झालरी को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि विवाद बढ़ने पर शिवकुमार तिवारी और पुतन तिवारी लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए और विजय कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सौ शैय्या अस्पताल पिठला कुमारगंज ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने अयोध्या रेफर कर दिया। इलाज के दौरान विजय कुमार की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी शिवकुमार तिवारी और पुतन तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
