गौतमबुद्धनगर: श्रमिक आंदोलन हिंसा मामले में बड़ा एक्शन: सत्यम वर्मा और आकृति पर NSA, विदेशी फंडिंग कनेक्शन की भी जांच तेज!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
हिंसक प्रदर्शन, आगजनी और अराजकता फैलाने के आरोप में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के खातों में विदेशों से करोड़ों की रकम आने का खुलासा
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन और उससे जुड़े हिंसक प्रदर्शनों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सत्यम वर्मा और आकृति के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने, आगजनी कराने तथा लोक व्यवस्था को बाधित करने में अहम भूमिका सामने आई है।
कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज अभियोगों की विवेचना के दौरान पुलिस को ऐसे कई तथ्य मिले, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आंदोलन के दौरान कुछ तत्वों ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण दायरे से बाहर निकालकर हिंसक रूप देने का प्रयास किया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हुई।
जांच के दौरान आरोपी सत्यम वर्मा के संबंध में कुछ चौंकाने वाले वित्तीय तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक सत्यम वर्मा के व्यक्तिगत बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि विभिन्न देशों से डॉलर, पाउंड और यूरो मुद्रा के रूप में प्राप्त हुई है। यह रकम अलग-अलग समय पर उसके खातों में क्रेडिट हुई और बाद में तत्काल अन्य निजी खातों में ट्रांसफर किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कई संगठनों से जुड़ा हुआ है, जिनकी गतिविधियों और फंडिंग नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। बैंक खातों में हुए लेन-देन, विदेशी मुद्रा के स्रोत तथा संभावित संपर्कों को लेकर आर्थिक और तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इतनी बड़ी विदेशी धनराशि किस उद्देश्य से भेजी गई और उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना गंभीरता से जारी है तथा हिंसक गतिविधियों में शामिल अन्य व्यक्तियों और संभावित नेटवर्क की भी पहचान की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।
