गुरुवार, 14 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ईंधन बचत को लेकर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, वाहनों और मशीनों के फ्यूल खर्च में होगी 20% कटौती!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ईंधन बचत को लेकर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, वाहनों और मशीनों के फ्यूल खर्च में होगी 20% कटौती!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

राष्ट्रहित और मितव्ययिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया निर्णय, सभी विभागाध्यक्षों को दिए गए सख्त निर्देश

दो टूक//नोएडा। बढ़ती ईंधन खपत और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित सभी हल्के एवं भारी वाहनों तथा विभिन्न मशीनों की प्रतिदिन होने वाली ईंधन खपत में 20 प्रतिशत तक कटौती किए जाने का फैसला लिया गया है।

यह निर्णय माननीय प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रहित में किए गए मितव्ययिता और संसाधनों के संरक्षण संबंधी आह्वान के अनुपालन में लिया गया है। प्राधिकरण प्रशासन का मानना है कि ईंधन की बचत न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संसाधनों के संतुलित उपयोग की दिशा में भी एक प्रभावी कदम साबित होगा।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वाहनों और मशीनों के उपयोग की नियमित मॉनिटरिंग करने, अनावश्यक संचालन पर रोक लगाने तथा ईंधन की खपत को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने को कहा गया है।

प्राधिकरण सूत्रों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूत करना है। अधिकारियों का कहना है कि यदि ईंधन बचत का यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू हुआ तो इससे सरकारी खर्च में कमी आने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

नोएडा प्राधिकरण के इस फैसले को प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में अन्य सरकारी विभागों और संस्थानों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है।।