बुधवार, 27 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सादुलापुर तालाब बना मौत का जाल: NDRF ने निकाला युवक का शव, प्राधिकरण की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सादुलापुर तालाब बना मौत का जाल: NDRF ने निकाला युवक का शव, प्राधिकरण की लापरवाही पर भड़के ग्रामीण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित सादुलापुर गांव में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। तालाब में डूबे युवक का शव आज सुबह NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने तालाब के आसपास टूटी फेंसिंग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। वह हरियाणा के पलवल का रहने वाला था और सादुलापुर गांव में अपने रिश्तेदारी में आया हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक तालाब में डूब गया, जिसे सबसे पहले गांव के एक छोटे बच्चे ने देखा। बच्चे के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही इकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और पानी की स्थिति के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद NDRF टीम को बुलाया गया। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुबह टीम ने युवक का शव तालाब से बाहर निकाला। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि तालाब के चारों ओर लगी सुरक्षा फेंसिंग काफी समय से टूटी हुई है और इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास मजबूत फेंसिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

सादुलापुर का यह हादसा प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। एक परिवार ने अपना युवा सदस्य खो दिया, वहीं गांव में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।।