बुधवार, 27 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क के कैफ़े में ‘सरेआम गुंडई’ : युवक को बेरहमी से पीटा, युवतियों से भी कराई मारपीट, डंडों से हमला कर बनाया वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नॉलेज पार्क के कैफ़े में ‘सरेआम गुंडई’ : युवक को बेरहमी से पीटा, युवतियों से भी कराई मारपीट, डंडों से हमला कर बनाया वीडियो वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। शहर के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से गुंडई, दबंगई और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आईएमटी के पास स्थित एक कैफ़े में कुछ युवकों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने न सिर्फ युवक को जमकर पीटा, बल्कि वहां मौजूद युवतियों से भी उसकी पिटाई करवाई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान कुछ युवतियां भी हाथों में डंडा लेकर युवक पर ताबड़तोड़ हमला करती दिखाई दे रही हैं। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। वीडियो में युवक बुरी तरह लहूलुहान दिखाई दे रहा है और उसके चेहरे व शरीर पर चोट के निशान साफ नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि आरोपी बेखौफ होकर पूरी वारदात को अंजाम देते रहे।

बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक कैफ़े की है, जहां आए दिन युवाओं की भीड़ रहती है। आरोपियों ने मानो कानून का डर पूरी तरह छोड़ दिया हो। वीडियो को जिस तरह रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, उससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी इस घटना को दबंगई के प्रदर्शन के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों और छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या होने के बावजूद क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खुलेआम मारपीट, दबंगई और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व कैफ़े और सार्वजनिक स्थानों को अपनी गुंडई का अड्डा बना रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पहले युवक के साथ कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद हिंसक रूप ले बैठा। इसके बाद आरोपियों ने युवक को घेर लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं, युवतियों से भी युवक पर डंडों से हमला करवाया गया। पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

फिलहाल पीड़ित युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही घटना की आधिकारिक पुष्टि हुई है। हालांकि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब का है, मारपीट करने वाले युवक-युवतियां कौन हैं और घटना के पीछे क्या वजह रही।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शिक्षण संस्थानों के आसपास युवाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।।