गौतमबुद्धनगर: दनकौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टक्कर मारकर फरार हुआ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, कोर्ट से जारी था NBW
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना दनकौर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को एनआरआई सिटी के सामने स्थित अंडरपास से दबोचा। आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार यह मामला 6 अप्रैल 2026 का है, जब थाना दनकौर क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्त ने उसके चचेरे और मौसेरे भाई को तेज रफ्तार गाड़ी से टक्कर मारकर घायल कर दिया। आरोप है कि घटना के बाद अभियुक्त ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना दनकौर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। लगातार की जा रही छापेमारी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से थाना दनकौर पुलिस को सफलता मिली। रविवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सचिन भड़ाना पुत्र तेजपाल सिंह उर्फ तेजा भड़ाना निवासी ग्राम गुनपुरा, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 28 वर्ष है और उसके खिलाफ थाना दनकौर में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 109/117(2)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दनकौर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है।
