गौतमबुद्धनगर: जनगणना कार्य में लापरवाही पर सख्त हुआ नोएडा प्रशासन, 700 प्रगणक और 140 पर्यवेक्षक निशाने पर!!
26 मई दोपहर 12 बजे तक सामग्री लेकर कार्य शुरू न करने वालों पर होगी एफआईआर
दो टूक//नोएडा। जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर नोएडा प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नोएडा ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा तक कार्य शुरू न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई 2026 से शुरू होकर 20 जून 2026 तक संचालित किया जाना है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में कुल 2281 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। जनगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए 2046 प्रगणकों और 341 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक लगातार फोन कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप के माध्यम से कर्मचारियों को सूचनाएं और आदेश भेजे गए, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी अब तक जनगणना सामग्री लेने नहीं पहुंचे हैं। समीक्षा में सामने आया कि करीब 700 प्रगणकों और 140 पर्यवेक्षकों ने अभी तक सामग्री प्राप्त नहीं की है और न ही कार्य प्रारंभ किया है।
इस स्थिति को गंभीर मानते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 26 मई 2026 को दोपहर 12 बजे तक जिन कर्मचारियों द्वारा जनगणना सामग्री प्राप्त कर कार्य शुरू नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-5 एवं धारा-11 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी नियुक्त कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें तत्काल ड्यूटी जॉइन कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।।
