मऊ :
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण।
सौंपे गए जिम्मेदारियो का तत्परता से निर्वहन करें अधिकारी-मंडलायुक्त।
दो टूक : मऊ जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के 29 मई को प्रस्तावित जनपद मऊ में भ्रमण कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के दृष्टिगत मंडलायुक्त/कमिश्नर एवं डीआईजी द्वारा कार्यक्रम स्थलो का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री जी द्वारा 29 मई को तहसील मधुबन के गांधी इंटर कॉलेज मैदान में शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यों के अलावा जनसभा संबोधन का कार्यक्रम है। इसके उपरांत ताजोपुर स्थित सैनिक ग्रामीण अस्पताल का अनावरण कार्यक्रम प्रस्तावित है।निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, आगमन एवं निर्गमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, छाया, शौचालय, स्टेज व्यवस्था सहित कार्यक्रम स्थल पर की जा रही अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन एवं विशिष्ट अतिथियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण कार्य के पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में मंडायुक्त एवं डीआईजी महोदय ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम को सफल संपन्न करने के संबंध में अब तक की गई तैयारियो की समीक्षा भी की।
मंडलायुक्त महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने तथा उन्हें आवंटित दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु समस्त व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंच का निरीक्षण करते हुए प्रशासन।
