मऊ :
काम मे लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त,पांच कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने मांग पत्र के सापेक्ष समय से अभिलेख उपलब्ध न कराए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। जनसुनवाई के दौरान आए इस प्रकरण में अभिलेख उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित आरआरके को तलब कर पत्रावलियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर उप जिलाधिकारी दीपक सिंह द्वारा रिकॉर्ड रूम का स्थलीय निरीक्षण एवं जांच भी की गई। जांच के दौरान रिकॉर्ड रूम में विभिन्न स्तरों पर अनियमितताएं एवं अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पाई गई। अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध उपलब्धता में कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय अभिलेखों के रखरखाव में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने रिकॉर्ड प्रबंधन व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने तथा अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित आरआरके सहित कुल पांच कर्मचारियों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न होने सुनिश्चित करने को कहा है।
